August 21, 2025

Chardham में नए मानकों के साथ शुरू होंगी हेली सेवा, इस महीने से कर सकेंगे सफर

उत्तराखंड में चारधाम केदारनाथ, बदरीनाथ, गंगोत्री व यमुनोत्री के लिए अगले चरण में सितंबर से प्रारंभ होने वाली हेली सेवाओं का संचालन नए मानकों के साथ होगा। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू ने नागरिक उड्डयन पर उत्तर क्षेत्रीय राज्यों के मंत्रियों के सम्मेलन के मौके पर पत्रकारों से बातचीत में यह बात कही। उन्होंने यह भी कहा कि हेली सेवाओं के संचालन में यात्रियों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री नायडू ने कहा कि पहाड़ी राज्यों में हेलीपोर्ट व हेलीपैड के विस्तार के लिए पहले ही क्षेत्रीय संपर्क योजना संचालित है। इसके तहत जम्मू-कश्मीर से लेकर अरुणाचल तक हेलीपोर्ट बन रहे हैं।
उत्तराखंड में भी 18 हेलीपोर्ट विकसित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सुरक्षा के दृष्टिकोण से देखें तो पहाड़ी क्षेत्रों में जलवायु व भौगोलिक परिस्थितियों में हेलीकाप्टर सेवाओं का संचालन काफी मुश्किल होता है। इस संबंध में विश्व स्तरीय मानकों का अध्ययन किया जा रहा है। उन्होंने केदारनाथ समेत चारधाम का उल्लेख करते हुए कहा कि यहां एटीसी भी चुनौतीपूर्ण है। प्रयास है कि चारधाम के नेटवर्क में एटीसी का प्रभाव रहे। इसके साथ ही पायलट, हेलीकाप्टर आपरेशन की फ्रीक्वेंसी में बदलाव या अन्य कदम उठाने के लिए यूकाडा और नागरिक उड्डयन मंत्रालय विस्तार से चर्चा कर रहे हैं।
सितंबर में जब चारधाम के लिए हेली सेवाएं शुरू होंगी तो तब तक ऐसे निर्णय लेंगे कि इनका संचालन सटीक तरीके से हो। विश्वभर के लोग चारधाम यात्रा पर आते हैं। उनकी सुरक्षा व देखभाल करना हमारी जिम्मेदारी है। इसलिए सुरक्षा में कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

Copyright 2025© Him Samvad, Designed By Motion Trail Creation (9084358715).All rights reserved. | Newsphere by AF themes.