August 22, 2025

उत्तराखंड के 40 IAS अधिकारियों ने गोद लिए प्रथम नियुक्ति वाले गांव, CM धामी की पहल लाई रंग

प्रदेश के गांवों का कायाकल्प विकसित प्रदेश और विकसित राष्ट्र का सपना साकार कर सकता है। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अपेक्षा के अनुरूप प्रदेश के 40 वरिष्ठ आइएएस अधिकारियों ने अपनी प्रथम नियुक्ति वाले क्षेत्र के गांवों को गोद लिया है। इस पर उन्होंने कार्य शुरू कर दिया है। कई अधिकारियों ने इन गांवों में रात्रि प्रवास कर यहां की समस्याओं को करीब से समझा है। अब अधिकारियों की ओर से इनके विकास की कार्ययोजना बनाए जाने के बाद प्रदेश सरकार गांवों के विकास के लिए अभियान चलाकर कार्य करेगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भारतीय प्रशासनिक सेवा के वरिष्ठ अधिकारियों से अपने प्रथम नियुक्ति कार्यक्षेत्र के गांवों को गोद लेने की अपेक्षा की थी। इस क्रम में 20 मई को मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने इस आशय से संबंधित आदेश भी जारी किया था। सभी अधिकारियों से अपेक्षा की गई थी कि वे अपने प्रथम नियुक्ति क्षेत्र में हुए बदलावों पर स्पष्ट जानकारी दें। इसमें यह बताया जाए कि वहां विकास में कितनी तेजी आई। साथ ही गांव के सामाजिक और आर्थिक विकास में सीएसआर या अन्य संसाधनों के इस्तेमाल से कैसे सुधार लाया जा सकता है। इन अधिकारियों को जिला योजना, राज्य सेक्टर और वित्त आयोग से मिलने वाली धनराशि के शत-प्रतिशत सही उपयोग की कार्ययोजना भी तैयार करनी है।
मुख्यमंत्री धामी की अपेक्षा के अनुरूप इस दिशा में कार्य होना है। भ्रमण के दौरान इस कार्य में अधिकारियों को स्थानीय जनप्रतिनिधियों और स्वयंसेवी संगठनों का भी सहयोग मिल रहा है।

 

Copyright 2025© Him Samvad, Designed By Motion Trail Creation (9084358715).All rights reserved. | Newsphere by AF themes.